अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद अल्मोड़ा के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए ₹98.25 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही, योजना के पहले चरण में ₹58.95 लाख जारी करने को भी मंजूरी दे दी गई है।
इस योजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, सुरक्षा के लिए चेक डैम सहित आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक आधारभूत विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
सरकार का उद्देश्य मंदिर परिसर का समग्र विकास करना और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। योजना के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र की धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।