एक भी छात्र होगा तो भी नहीं बंद होगा सरकारी स्कूल, शिक्षा मंत्री ने दिया बड़ा भरोसा

अल्मोड़ा। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 42 नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके ऊपर भावी पीढ़ी के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है।

शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में किसी भी सरकारी विद्यालय को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में केवल एक छात्र भी अध्ययनरत होगा, तब भी वहां विद्यालय संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि सरकार दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. रावत ने कहा कि राज्य के करीब 22 हजार विद्यालयों में शौचालयों सहित आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। वहीं भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर छात्रावास भी स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के संस्कार, व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने डायट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस मौके पर मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, ललित लटवाल, डायट के प्राचार्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नवनियुक्त शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!