SIR पर डीएम अंशुल सिंह सख्त, बोले— नोटिस वितरण और सुनवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नोटिस जारी करने और उनकी तामील में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रहे एसआईआर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नोटिस निर्धारित समय के भीतर तैयार कर प्रभावी ढंग से संबंधित लोगों तक पहुंचाए जाएं तथा प्रत्येक प्रकरण में अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए।

उन्होंने सुनवाई की तिथियों की भी समीक्षा करते हुए कहा कि सभी मामलों की सुनवाई नियत समय पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। साथ ही अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर तय समयसीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। यदि किसी स्तर पर कोई समस्या आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुनरीक्षण कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र मौजूद रहीं, जबकि जनपद के सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!