रानीखेत। सड़क पर रसूख और वीआईपी रौब दिखाना एक फॉर्च्यूनर चालक को भारी पड़ गया। सोमवार को रानीखेत में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक ऐसी फॉर्च्यूनर कार को पकड़ा, जिसमें अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती और हूटर लगाए गए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गाड़ी से अवैध उपकरण हटवाए, भारी चालान किया और वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत जिलेभर में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार चेकिंग कर रही है।
वहीं सोमेश्वर क्षेत्र में भी ‘ऑपरेशन मर्यादा’ के तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई लोगों को पकड़कर पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान किया।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।