
अल्मोड़ा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को अल्मोड़ा में यातायात पुलिस द्वारा “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” जन-जागरूकता अभियान के तहत बाइक रैली का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में आयोजित इस रैली को पुलिस उपाधीक्षक यातायात बलवन्त सिंह रावत ने एआरटीओ रश्मि भट्ट एवं जेएम अनामिका सिंह की मौजूदगी में रघुनाथ सिटी मॉल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए टैक्सी स्टैंड अल्मोड़ा पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने दोपहिया वाहनों पर सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रदर्शित किए और लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने का संदेश दिया गया।
रैली में यातायात पुलिस, इंटरसेप्टर टीम, फायर सर्विस, दूरसंचार शाखा, मीडिया सेल, न्यायालय तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रमुख बिंदु
- “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के तहत बाइक रैली का आयोजन
- रघुनाथ सिटी मॉल से शुरू होकर टैक्सी स्टैंड तक निकाली गई रैली
- सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर
- हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा के पालन का दिया संदेश
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की अपील
- पुलिस, परिवहन विभाग, फायर सर्विस और अन्य विभागों की रही सहभागिता