10 से 12 जुलाई तक नरसिंह स्टेडियम में पहली बार होगा ऐतिहासिक आयोजन, खेल और पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

                                                                     

रानीखेत (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के रानीखेत में पहली बार 48 घंटे की अल्ट्रा एंड्योरेंस रन “द ट्रांस लूप्स” का आयोजन होने जा रहा है। 10 से 12 जुलाई तक नरसिंह स्टेडियम में होने वाली इस अनोखी प्रतियोगिता में देशभर के अनुभवी और नए धावक अपनी सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब (आरएमओसी) और द एंड्योरेंस कलेक्टिव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में 6, 12, 24 और 48 घंटे की चार श्रेणियां होंगी। प्रतिभागियों को निर्धारित समय के भीतर अधिकतम दूरी तय करनी होगी।

गुरुवार को ग्रैंड होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में क्लब अध्यक्ष सुमित गोयल और द एंड्योरेंस कलेक्टिव की डॉ. विनीता जैन ने बताया कि 10 जुलाई को रेस ब्रीफिंग के बाद शाम चार बजे प्रतियोगिता शुरू होगी, जो लगातार 48 घंटे तक चलेगी। धावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा, हाइड्रेशन, पोषण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।

आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड में एंड्योरेंस रनिंग को बढ़ावा देना, युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा रानीखेत को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर और स्पोर्ट्स टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

रानीखेत को मिलेगी नई पहचान

आयोजन समिति का मानना है कि “द ट्रांस लूप्स” केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि रानीखेत को राष्ट्रीय अल्ट्रा रनिंग मानचित्र पर स्थापित करने का सुनहरा अवसर है। देशभर से आने वाले धावकों और उनके सहयोगियों की मौजूदगी से स्थानीय पर्यटन, होटल व्यवसाय और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा। आयोजकों ने भविष्य में इस प्रतियोगिता को वार्षिक आयोजन के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई है।

प्रेस वार्ता में डॉ. विनीता जैन, कैप्टन मनीष सिंह, देवांशु साह गंगोला, अनिल गोयल, गोविंद सिंह बिष्ट, जीवन कुवार्बी, अशोक मेहरोत्रा और सोनू सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!