अल्मोड़ा के चौघानपाटा में रेस्तरां में लगी भीषण आग, LPG सिलेंडरों ने बढ़ाया धमाके का खतरा, फायर टीम ने टाला बड़ा हादसा

अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा के हृदय स्थल चौघानपाटा स्थित एक रेस्तरां में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे रेस्तरां को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। आग की तेज लपटों से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

दोपहर करीब 1:06 बजे फायर स्टेशन अल्मोड़ा को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मिनी फायर इंजन और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। जवानों ने तुरंत पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण एलपीजी गैस सिलेंडर से गैस रिसाव माना जा रहा है। आग की वजह से रेस्तरां के अंदर रखे सिलेंडर अत्यधिक गर्म हो गए थे, जिससे बड़े विस्फोट का खतरा पैदा हो गया था। फायर कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सिलेंडरों को ठंडा किया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। साथ ही आग को लकड़ी की छत और आसपास की दुकानों तक फैलने से भी रोक दिया।

फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि रेस्तरां को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में फायर स्टेशन ड्राइवर विपिन बडोला, फायरमैन प्रेम सिंह, श्याम लाल और वॉच फायरमैन आकांक्षा डसीला ने अहम भूमिका निभाई।

प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर एलपीजी के सुरक्षित उपयोग और अग्नि सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता को उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!