
आपदा सेवा, फर्स्ट एड और जनसहायता कार्यों के लिए कार्यकर्ताओं व मेधावी छात्रों को मिला सम्मान
बागेश्वर। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों को रेखांकित करते हुए उत्कृष्ट सेवा देने वाले कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण ने जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे का बैच अलंकरण कर किया। इस अवसर पर डीएम आकांक्षा कोंडे ने रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आपदा और अन्य विषम परिस्थितियों में संस्था की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहती है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों में प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव आलोक पांडेय ने जिले में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा आपदा प्रभावितों को कंबल, तिरपाल और राशन किट वितरित किए जाते हैं। साथ ही समय-समय पर फर्स्ट एड एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्कर्ष पांडेय, कीर्ति, हितांश, मेघा, दीपशिखा, श्वेता, शांतनु और सगुण को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं क्षेत्र में सराहनीय सेवाएं देने वाले डॉ. हरीश दफौटी, मोहिनी कोरंगा, रमेश पर्वतीय, संजय साह जगाती, वृक्ष पुरुष किशन सिंह मलड़ा, नीरज उपाध्याय और प्रेमा रावत को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।