बिलेख गांव में गुलदार का आतंक: घर के पास तीन बकरियों को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत

बिलेख गांव में गुलदार का बढ़ता आतंक अब ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन गया है। गुलदार न केवल लोगों में डर का माहौल पैदा कर रहा है, बल्कि लगातार नुकसान भी पहुंचा रहा है। ताजा घटना में गांव निवासी चंदन प्रसाद की तीन बकरियों को गुलदार ने घर के पास ही हमला कर मार डाला। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से इलाके में गुलदार की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। दिनदहाड़े आबादी के नजदीक हुए इस हमले ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। गांव के लोगों का कहना है कि अब बच्चों और महिलाओं का अकेले घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द इलाके में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!