
अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में गुरुवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जिला टास्क फोर्स की बैठक मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बेटियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने तथा बाल विवाह और उत्पीड़न के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं और महिलाओं को ऐसे प्रशिक्षण दिए जाएं, जिनसे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें। इसके तहत सिलाई, ब्यूटी पार्लर, नर्सरी प्रशिक्षण, पिरूल एवं हस्तशिल्प निर्माण, मशरूम उत्पादन, कंप्यूटर कोर्स और मोबाइल रिपेयरिंग जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु की युवतियों और महिलाओं को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना तथा ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सकता है। साथ ही प्रशिक्षण के बाद ई-मार्केटिंग की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि महिलाएं अपने उत्पादों और सेवाओं को बड़े बाजार तक पहुंचा सकें।
बैठक में बालिकाओं और युवतियों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की गई। इस पर निर्णय लिया गया कि स्कूलों में हर महीने नशे के दुष्प्रभावों को लेकर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस विभाग को बालिकाओं के लिए नियमित सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बाल विवाह तथा महिलाओं और बालिकाओं के उत्पीड़न की रोकथाम के लिए भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पोस्टर, सोशल मीडिया, वीडियो संदेश और ग्राम-नगर स्तर पर जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही संबंधित कानूनों और दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, जिला पंचायतराज अधिकारी राजेंद्र सिंह, महिला पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।