
अल्मोड़ा। क्वारब डेंजर जोन में चल रहे सुधारात्मक और सुरक्षात्मक कार्यों को लेकर उत्तराखंड शासन ने सख्त रुख अपनाया है। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह के साथ मौके का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह जनपद का प्रमुख मार्ग है, इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मशीनों और संसाधनों की संख्या तत्काल बढ़ाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने को कहा।
डॉ. पांडे ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए दिन या रात का निश्चित समय तय किया जाए और उसी के अनुसार वाहनों का संचालन किया जाए।
सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों के दौरान हल्के वाहनों को केवल क्वारब बाईपास मार्ग से ही संचालित किया जाएगा। इससे एक ओर निर्माण कार्य बिना बाधा के जारी रहेंगे, वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों की आवाजाही भी व्यवस्थित ढंग से हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने अभियंताओं से कार्यों की तकनीकी जानकारी ली और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि क्वारब डेंजर जोन में चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस और परिवहन विभाग के समन्वय से ट्रैफिक प्लान का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी, उपजिलाधिकारी अल्मोड़ा संजय कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।