15 अगस्त तक किसानों का फसल बीमा कराएं, एक भी पात्र किसान न छूटे: CDO

अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा को लेकर मंगलवार को विकास भवन में जनपद स्तरीय समिति की बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को 15 अगस्त तक अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने बताया कि इस वर्ष जिले में मडुवा और धान की फसलों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल किया गया है। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) वाले पात्र किसानों का नियमानुसार शत-प्रतिशत फसल बीमा सुनिश्चित करने के निर्देश लीड बैंक अधिकारी को दिए।

कृषि विभाग के ब्लॉक एवं न्याय पंचायत प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों का बीमा कराने को कहा गया, ताकि कोई पात्र किसान योजना से वंचित न रहे।

बैठक में लंबित फसल बीमा क्लेमों की भी समीक्षा हुई। सीडीओ ने बीमा कंपनी के प्रतिनिधि को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र किसानों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मौसम आधारित फसल बीमा योजना की भी समीक्षा की गई। जिला उद्यान अधिकारी को अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में कृषि, उद्यान, नाबार्ड, बैंक और बीमा कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!