छत पर गिरा विशाल सूखा पेड़, बाल-बाल बचे पशु चिकित्सालय के कर्मचारी

गरमपानी। नैनीताल जिले के गरमपानी क्षेत्र स्थित सुयालबाड़ी राजकीय पशु चिकित्सालय में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल परिसर में वर्षों से खड़ा एक सूखा पेड़ अचानक भरभराकर भवन की छत पर गिर पड़ा। घटना के समय सभी कर्मचारी अस्पताल के भीतर मौजूद थे, लेकिन संयोगवश किसी को कोई चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे तेज धमाके के साथ पेड़ छत पर गिरा, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। उस समय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. तन्मय तिवारी, डॉ. अमित साह, फार्मासिस्ट दामोदर जोशी सहित अन्य कर्मचारी अंदर कार्य कर रहे थे। आवाज सुनते ही सभी बाहर निकले और स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अस्पताल की जर्जर हालत और परिसर में खड़े सूखे पेड़ों पर चिंता जताई। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से भवन की शीघ्र मरम्मत कराने और सभी सूखे व खतरनाक पेड़ों को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!