अल्मोड़ा में युवक से मारपीट के बाद ₹2 हजार की लूट, इलाके में मचा हड़कंप

अल्मोड़ा। नगर के झिझाड़ स्थित खम्पा मार्केट क्षेत्र में देर रात एक युवक के साथ मारपीट और लूट की कथित घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित ने तीन युवकों पर रास्ता रोककर मारपीट करने और जेब में रखे करीब ₹2 हजार नकद छीनने का आरोप लगाया है।

पीड़ित केवलानंद जोशी के अनुसार, वह 6 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे दुकान बंद कर कर्नाटक खोला स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान झिझाड़ और बक्शीखोला के बीच तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने मारपीट करने के बाद नकदी छीन ली। किसी तरह वहां से निकलकर पीड़ित ने परिजनों को सूचना दी और अगले दिन कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पार्षद अमित साह ‘मोनू’ भी पीड़ित के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और नगर के खम्पा मार्केट, झिझाड़, कर्नाटक खोला समेत आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि शहर के बीच इस तरह की घटनाएं लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं।

इस दौरान नामित पार्षद कैलाश गुरुरानी, कृष्ण बहादुर सिंह, देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, पार्षद अभिषेक जोशी, वैभव तिवारी सहित कई स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!