पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ भ्रमण कार्यक्रम के समापन के बाद जिला अस्पताल बी. डी. पाण्डेय अस्पताल पहुंचकर इमरजेंसी और चिल्ड्रन वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मरीजों को बेहतर इलाज और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मरीजों के परिजनों से संवाद करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या या कठिनाई आती है तो वे अपनी बात जिलाधिकारी आशीष भटगाईं के माध्यम से सीधे उन तक पहुंचा सकते हैं।
मुख्यमंत्री के आत्मीय व्यवहार और संवेदनशीलता से अस्पताल में मौजूद मरीजों एवं उनके परिजनों में विश्वास और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अस्पताल प्रशासन को भी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए गए।
