हल्द्वानी/लालकुआं। नैनीताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लालकुआं, काठगोदाम और मुखानी क्षेत्र में हुई सात दुकानों में चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लाख 28 हजार 200 रुपये की नकद धनराशि, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चोरी के पैसों से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 24 मई, 9 जून और 15 जून 2026 को लालकुआं क्षेत्र में देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार सुरागरसी के बाद 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लालकुआं की चार, मुखानी की दो और काठगोदाम की एक दुकान में चोरी की वारदात कबूल की। पुलिस ने उनके पास से कुल 2,28,200 रुपये नकद, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK04L-3095) तथा करीब 16 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल फोन बरामद किया।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्ले से नकदी चोरी करता था। उसका साथी राजू बहादुर आसपास निगरानी रखता था ताकि किसी के आने-जाने की सूचना मिल सके। चोरी की रकम दोनों आरोपी नशे और अन्य व्यक्तिगत खर्चों में उड़ा देते थे। दोनों का कोई स्थायी ठिकाना नहीं है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्य उर्फ पिद्दा के खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट की तैयारी, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी लालकुआं थाना क्षेत्र में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में उप निरीक्षक अर्जुन गिरी गोस्वामी, आरक्षी कुबेर सिंह, मनीष शर्मा और राजेश कुमार शामिल रहे। उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूरी पुलिस टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।