
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट थाना क्षेत्र के बग्वालीपोखर अंतर्गत अलमिया-बिन्ता इलाके में पुलिस ने एक जनरल स्टोर संचालक को अवैध रूप से शराब बेचने और लोगों को शराब पिलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और अन्य सामान बरामद कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
मुख्य बिंदु
- जनरल स्टोर की आड़ में अवैध शराब बिक्री का खुलासा।
- पुलिस ने दुकानदार को मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
- दुकान में ग्राहकों को शराब पिलाई जा रही थी।
- मौके से देशी शराब की कई बोतलें और डिस्पोजल गिलास बरामद।
- आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में प्रभारी चौकी बग्वालीपोखर धरम सिंह और उनकी टीम अलमिया-बिन्ता क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक जनरल स्टोर पर संदिग्ध गतिविधियां देखीं।
जांच करने पर पता चला कि पुष्कर सिंह पुत्र नंदन सिंह, निवासी ग्राम अलमिया, बिन्ता अपनी जनरल स्टोर की दुकान में अवैध रूप से शराब बेच रहा था। इतना ही नहीं, दुकान के भीतर लोगों को शराब पिलाई भी जा रही थी।
बरामद सामान
पुलिस तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से—
- 04 सीलबंद बोतल देशी शराब माल्टा
- 01 आधी खुली हुई बोतल देशी शराब माल्टा
- 02 डिस्पोजल गिलास
- 01 आधी भरी प्लास्टिक पानी की बोतल
बरामद करने में सफल रही।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर कोतवाली द्वाराहाट ले जाया गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का संदेश
पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।