अल्मोड़ा। जिले में राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी करूणा पंत ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के 3.69 लाख पंजीकृत यूनिट में से अब तक 2.49 लाख की ही ई-केवाईसी हुई है। वहीं राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के 2.38 लाख यूनिट में से केवल 1.05 लाख यूनिट की ई-केवाईसी पूरी हो पाई है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से 25 अगस्त 2026 तक हर हाल में ई-केवाईसी कराने की अपील की है। तय समय के बाद कार्ड या यूनिट कटने पर उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।
ई-केवाईसी नजदीकी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर कराई जा सकती है। इसके अलावा ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप के माध्यम से उपभोक्ता स्वयं भी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। जिले से बाहर रहने वाले लोग भी ऐप या नजदीकी सस्ता गल्ला विक्रेता के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं।