
हल्द्वानी। कालाढूंगी पुलिस ने हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुकुल जैन को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को हल्द्वानी के देवलचौड़ रोड स्थित रामजी विहार गेट नंबर-4 के पास से घेराबंदी कर दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, मुकुल जैन पर वैभव कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप था। गंभीर रूप से घायल वैभव कुमार को इलाज के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में थाना कालाढूंगी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में फरार अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अरुण सैनी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी, कांस्टेबल अखिलेश तिवारी और कांस्टेबल तेजपाल शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।