डोईवाला में भीषण सड़क हादसा, चार की मौत

पिकअप का टायर निकलने से हुआ हादसा, इको वैन में सवार सात लोगों में तीन घायल

देहरादून। डोईवाला में बुधवार सुबह मणिमाई मंदिर के पास पिकअप और इको वैन की जोरदार भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 10:40 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार, देहरादून से हरिद्वार जा रही इको वैन में सात लोग सवार थे। इसी दौरान आगे चल रहे पिकअप का पिछला टायर अचानक निकल गया। अनियंत्रित पिकअप डिवाइडर से जा टकराया और पीछे से आ रही इको वैन उससे भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

सूचना मिलते ही डोईवाला कोतवाली और हर्रावाला चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव दल की मदद से घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उपचार के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों में नरेश (42), निवासी रोहतक और विनोद, निवासी रोहतक की पहचान हुई है। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों में विपेंद्र सिंह (35), निवासी हरियाणा और विक्की, निवासी बदायूं शामिल हैं। एक अन्य घायल की पहचान भी नहीं हो पाई है।

हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!