4 जून को अल्मोड़ा में राहुल गांधी की हुंकार, ऐतिहासिक जनसभा की तैयारी में जुटी कांग्रेस

अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आगामी 4 जून को अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में प्रस्तावित जनसभा को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुट गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने दावा किया है कि राहुल गांधी की यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस जनसभा से उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एक बड़ा संदेश जाएगा।

जनसभा की तैयारियों के लिए कांग्रेस के सभी मोर्चे और अनुषांगिक संगठन सक्रिय हैं। जिला कांग्रेस कमेटी, नगर कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, एससी प्रकोष्ठ, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ और भूतपूर्व सैनिक संगठन लगातार बैठकें कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति बना रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य अल्मोड़ा पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, विधायक प्रीतम सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता 2 जून को अल्मोड़ा पहुंचेंगे।

मनोज तिवारी ने बताया कि राहुल गांधी स्वयं कार्यक्रम को लेकर गंभीर हैं और पार्टी संगठन के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। प्रदेश नेतृत्व भी जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।

कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। पार्टी का मानना है कि वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों में राहुल गांधी का संबोधन लोगों को नई दिशा देगा।

विधायक ने विश्वास जताया कि 4 जून को सिमकनी मैदान में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे और यह जनसभा उत्तराखंड की राजनीति में एक नई मिसाल कायम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!