नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, युवाओं ने उठाई पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग

                                                       

रानीखेत (अल्मोड़ा)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को रानीखेत स्थित पार्टी कार्यालय में युवाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में युवाओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही अनियमितताओं पर रोक लगाने की जोरदार मांग उठाई।

बैठक के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का कोटा में दिया गया संबोधन भी सुना गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और युवाओं का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठता जा रहा है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी युवाओं के हितों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जाए तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

बैठक में मौजूद युवाओं ने कहा कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं केवल परीक्षाओं की विश्वसनीयता ही नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा कर रही हैं। उन्होंने सरकार से ठोस सुधारात्मक कदम उठाने और सुरक्षित परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।

बैठक के अंत में सभी युवाओं ने एक स्वर में पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग दोहराई।

बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की, जबकि संचालन कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार ने किया। इस दौरान नवीन कठायत, कमलेश बोरा, गोपाल देव, रमेश पंत, विनीत चौरसिया, चंदन सिंह, जीतन जयाल, चंद्रशेखर वर्मा, अरसालन शेख, अंकित रावत, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, द्रोण चौहान, दीपक सोंटियाल, नितिन कुमार, संजय बिष्ट, मानस कुमार, सोनू सिद्दीकी सहित अनेक युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!