अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा द्वारा लाला बाजार स्थित सब्जी मंडी की छोटी दुकानों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू किए जाने से व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया है। इस फैसले के विरोध में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इसे छोटे व्यापारियों के हितों पर सीधा हमला बताया है।
शुक्रवार को नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’ के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर टेंडर प्रक्रिया तत्काल निरस्त करने की मांग की। संगठन का कहना है कि लाला बाजार की कई छोटी दुकानों में व्यापारी पिछले 20 से 40 वर्षों से अपना व्यवसाय कर रहे हैं और नियमित रूप से नगर निगम को किराया भी जमा करते आ रहे हैं। इसके बावजूद बिना पूर्व सूचना के दुकानों की टेंडर प्रक्रिया शुरू करना उनके साथ अन्याय है।
व्यापार मंडल ने नगर निगम के इस निर्णय को ‘तुगलकी फरमान’ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया वापस नहीं ली, तो सभी व्यापारियों को एकजुट कर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, महिला जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद वंदना वर्मा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष प्रमोद पवार ‘भीमा’, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, जिला संगठन मंत्री नीरज थापा ‘बिट्टू’, जिला कोषाध्यक्ष गणेश जोशी ‘गुड्डू’, जिला मंत्री दिनेश कांडपाल, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, जिला संयुक्त महामंत्री कमल बिष्ट, नगर महासचिव दीप चन्द्र जोशी, नगर उपाध्यक्ष दीपक जोशी, आनंद सिंह भोज, महिला नगर उपाध्यक्ष मन्नू गुप्ता, नगर कोषाध्यक्ष रोहित साह, नगर उप सचिव जय प्रकाश पाण्डे, अमन टकवाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री ए.के. सिकंदर पवार, निकेश उपाध्याय, सुधीर गुप्ता, मनीष मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।