89% से अधिक मतदाता सत्यापन पूरा, अब सामने आए हजारों अनुपस्थित, मृत और डुप्लीकेट नाम

जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, राजनीतिक दलों से सत्यापन में सहयोग की अपील

जनपद में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में तेजी आई है। सोमवार को अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और उनके मतदान केंद्र स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए-1) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद के सभी 5,27,423 मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण पूरा हो चुका है। इनमें से 4,71,831 प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटलीकरण भी पूरा कर लिया गया है, जो कुल का 89.46 प्रतिशत है।

अधिकारियों के अनुसार, शेष 55,592 प्रपत्र ऐसे मतदाताओं से जुड़े हैं जो अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट श्रेणी में हैं। इनकी सूची विधानसभावार सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि वे अपने स्तर पर सत्यापन कर प्रशासन का सहयोग कर सकें।

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र प्रविष्टियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी भरत रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला और दिनेश पिल्खवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!