द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत द्वाराहाट में सफाई कर्मचारी की नियुक्ति की मांग को लेकर कमलेश, पत्नी स्वर्गीय माधोराम, का आमरण अनशन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। लगातार अनशन के चलते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी है। चिकित्सकीय टीम द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में उनका रक्तचाप (बीपी) बढ़ा हुआ पाया गया। वहीं, बीती रात बारिश में भीगने के कारण उनकी स्वास्थ्य स्थिति और प्रभावित हुई।
अनशनकारी कमलेश ने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान नगर पंचायत प्रशासन ने उन्हें ठहरने के लिए परिसर का कमरा तक नहीं खोला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी।
गौरतलब है कि कमलेश ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष को पूर्व में ज्ञापन देकर अपनी बहू प्रीति, पत्नी ज्योति कुमार, को सफाई कर्मचारी के पद पर नियुक्ति देने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने 4 जुलाई 2026 से आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी थी और उसी दिन से वह अनशन पर बैठी हुई हैं।
कमलेश का कहना है कि उनका परिवार नगर पंचायत के गठन के समय से लगभग 50 वर्षों तक सफाई व्यवस्था से जुड़ी सेवाएं देता रहा है और प्रारंभ से ही नगर पंचायत क्षेत्र का निवासी है। उन्होंने मांग की है कि नगर पंचायत में स्वीकृत चार सफाई कर्मचारियों के पदों पर होने वाली भर्ती में उनकी बहू प्रीति को भी नियुक्ति दी जाए तथा उनके परिवार की लंबे समय से दी गई सेवाओं को प्राथमिकता दी जाए।
फिलहाल, तीसरे दिन भी अनशन जारी है, जबकि प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।