छह दिन बाद सकुशल मिला 12 वर्षीय शिवम, पुलिस की मेहनत लाई रंग

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र से छह दिन पहले लापता हुआ करीब 12 वर्षीय बालक शिवम आखिरकार सकुशल मिल गया। पुलिस ने लगातार तलाश और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद उसे गौलापार स्टेडियम के सामने वाली गली से बागजाला जाने वाले रास्ते से बरामद किया। बालक के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

जवाहर नगर वार्ड नंबर 15 निवासी ऊषा देवी ने 8 अगस्त को बनभूलपुरा कोतवाली में तहरीर दी थी कि उनका बेटा शिवम 2 अगस्त की शाम करीब सात बजे घर से बिना बताए चला गया और काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 129/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और संभावित स्थानों पर तलाश

प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर बालक की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ लोगों से पूछताछ की और कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार छह दिनों तक चले अभियान के दौरान पुलिस को शिवम के संबंध में सुराग मिला, जिसके बाद गौलापार क्षेत्र में तलाश तेज की गई।

आखिरकार पुलिस टीम ने शिवम को गौलापार स्टेडियम के सामने वाली गली से बागजाला जाने वाले रास्ते से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को उसकी मां ऊषा देवी के सुपुर्द किया जा रहा है।

बालक की बरामदगी में अपर उपनिरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल हरीश रावत और कांस्टेबल हेम चंद डालाकोटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!