अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत जनपद में 300 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों (150 बालक एवं 150 बालिका) के चयन की प्रक्रिया बुधवार से हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में शुरू हो गई। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह ₹1500 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी मेहेशी आर्या ने बताया कि पहले चरण में 10-11 एवं 11-12 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं का चयन किया जा रहा है। इस दौरान 11 विकासखंडों, एक नगर निगम और एक नगर पालिका क्षेत्र से चयनित 265 से अधिक बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में शिक्षा, युवा कल्याण, चिकित्सा विभाग एवं जल संस्थान के सहयोग से पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्य भी मौजूद रहे।