भतरोंजखान में जंगल की आग ने मचाई दहशत, फायर टीम ने गांव को बचाया

                                                        

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान क्षेत्र में जंगल की आग उस समय विकराल रूप लेने लगी, जब तेज हवाओं के चलते लपटें तेजी से पास के गांव की ओर बढ़ने लगीं। आग को गांव की ओर बढ़ता देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रानीखेत की टीम तुरंत हरकत में आई और समय रहते आग पर काबू पाकर बड़ा हादसा टाल दिया।

जानकारी के अनुसार, भतरोंजखान के समीप जंगल में भीषण आग लग गई थी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और गांव के करीब पहुंच गई। स्थिति गंभीर होते देख इसकी सूचना फायर स्टेशन रानीखेत को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।

मौके पर पहुंचकर फायर कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एमएफई से होजरील फैलाकर पंपिंग की गई, जबकि कई स्थानों पर जवानों ने आग को पीट-पीटकर बुझाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग को नियंत्रित कर गांव तक पहुंचने से रोक दिया।

अग्निशमन दल में एलएफएम दिनेश कुमार, डीवीआर राजकुमार, एफएम जयबीर सिंह, दिनेश सिंह, प्रियंका और निकेता शामिल रहे। फायर टीम की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!