
रानीखेत। शिव मंदिर धर्मशाला के पुस्तकालय कक्ष में 25 जून को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में लंबे समय से स्थगित रानीखेत व्यापार मंडल की चुनाव प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से जुलाई माह के अंत तक हर हाल में संपन्न कराया जाए।
बैठक में सबसे बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व व्यापार मंडल पर लगे वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों और संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने का हवाला देते हुए पूर्व अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष को चुनाव लड़ने से वंचित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी इन्हीं पदाधिकारियों की होती है, इसलिए प्रदेश कार्यकारिणी ने उनके विरुद्ध यह कार्रवाई की है।
अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दीपक पंत से शपथ पत्र लेने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी ने चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों के लिए शपथ पत्र अनिवार्य कर दिया है। शपथ पत्र में प्रत्याशियों को यह घोषणा करनी होगी कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान अथवा परिणाम घोषित होने के बाद किसी भी विवाद को लेकर न्यायालय की शरण नहीं लेंगे। यदि कोई प्रत्याशी ऐसा करता है तो उसकी सदस्यता तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।
बैठक में चुनाव संचालन समिति का भी पुनर्गठन किया गया। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। समिति में जगदीश अग्रवाल, प्रताप सिंह माहरा, अतुल अग्रवाल, कुलदीप कुमार और हेम भगत को शामिल किया गया है। वहीं जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष मोहन नेगी तथा जिला मंत्री राजेंद्र पांडे के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्णय लिया गया।