बंजर भूमि बनी हरियाली की मिसाल, ग्रामीणों के जज़्बे को मिला सम्मान

                                                         

 सामूहिक श्रमदान और जनभागीदारी से गांव की वर्षों से बंजर और झाड़ियों से ढकी भूमि को फिर से उपयोगी बनाने वाले झालोडी के ग्रामीणों को सम्मानित किया गया। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और ग्रामीण विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए रूट्स ‘एन होराइजन वेलफेयर सोसाइटी एवं गुलदावरी फाउंडेशन ने गांव में सम्मान समारोह आयोजित कर महिलाओं और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।

अभियान की शुरुआत कुछ माह पूर्व पूर्व ग्राम प्रधान राजेश कुमार ने वर्तमान ग्राम प्रधान श्रीमती ऋतु के सहयोग से की थी। ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर ग्राम सभा की बंजर भूमि और वर्षों से परती पड़े खेतों से झाड़ियां, कांटेदार वनस्पतियां और जंगली घास हटाई। इन झाड़ियों में जंगली जानवर छिप जाते थे, जिससे खेती और ग्रामीणों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता था।

कार्यक्रम में सफाई अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम प्रधान श्रीमती ऋतु ने अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ग्रामीणों को ₹1100-₹1100 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

                                                     

इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने एक नई पहल की घोषणा करते हुए कहा कि ग्राम सभा गांव से एकत्रित प्लास्टिक कचरे को ₹20 प्रति किलोग्राम की दर से खरीदेगी। इस योजना का उद्देश्य गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।

मुख्य अतिथि ग्राम विकास अधिकारी रविन्द्र रावत ने ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि हर गांव इसी तरह मिलकर कार्य करे तो स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन और स्वच्छता अभियान को लगातार जारी रखने का आह्वान किया।

पूर्व ग्राम प्रधान राजेश कुमार के सुझाव पर गांव की पांच महिलाओं को “सफाई मित्र” के रूप में चुना गया। इनमें हेमा देवी और लैला तिवारी शामिल हैं, जो गांव में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त अभियान को आगे बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एनजीओ प्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। संस्था की उपाध्यक्ष नेहा राणा बिष्ट ने महिलाओं के लिए स्वरोजगार और उनके उत्पादों के बेहतर विपणन की दिशा में कार्य करने का आश्वासन दिया। वहीं संस्था के कोषाध्यक्ष भारत जोशी ने लोगों से अपनी भूमि को परती न छोड़ने, पलायन रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!