अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, चार की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

लमगड़ा (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसे लगातार लोगों की जान ले रहे हैं। सोमवार दोपहर अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लॉक में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर एक मारुति ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे बलिया गांव के समीप हुई। मारुति ऑल्टो कार (संख्या UK04 Z 5819) चायखान-बेगानिया मार्ग पर यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के समय कार में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

घटना में गंभीर रूप से घायल गोपाल सिंह (45) और सचिन बेलवाल (18) को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लमगड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे में मृतकों के नाम

  • राजेंद्र सिंह बेलवाल (40), पुत्र नारायण सिंह बेलवाल, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा
  • जगदीश सिंह (35), पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा
  • लछम सिंह (56), पुत्र प्रताप सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा
  • पान सिंह (50), पुत्र बिशन सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा

घायल

  • गोपाल सिंह (45), पुत्र खीम सिंह, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा
  • सचिन बेलवाल (18), पुत्र राजेंद्र बेलवाल, निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!