57 हजार से अधिक मतदाताओं ने नहीं जमा किए गणना प्रपत्र, डीएम ने दिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने के निर्देश

जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अब भी 57,548 मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा नहीं होने पर जिला प्रशासन ने चिंता जताई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर शेष प्रपत्र एकत्र करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5,27,424 मतदाता पंजीकृत हैं। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने सभी मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए, लेकिन 57,548 मतदाताओं (करीब 10.91 प्रतिशत) ने अब तक अपने भरे हुए प्रपत्र जमा नहीं किए हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले शेष मतदाताओं के प्रपत्र हर हाल में एकत्र किए जाएं, ताकि उन्हें बाद में नोटिस जैसी औपचारिक प्रक्रियाओं का सामना न करना पड़े।

अंशुल सिंह ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित बूथों पर बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय बनाकर विशेष अभियान चलाएं तथा जिन मतदाताओं के प्रपत्र अभी तक जमा नहीं हुए हैं, उनसे संपर्क कर शीघ्र प्रपत्र जमा कराएं।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!