अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने विकासखंड ताकुला की ग्राम पंचायत काँटली का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।
भ्रमण के दौरान सीडीओ ने गाँव में संचालित होमस्टे का निरीक्षण किया और संचालकों को पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और उत्पादों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पर्यटन सेवाओं से स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के बेहतर अवसर पैदा होंगे।
इसके बाद उन्होंने पिनाथ ट्रेक का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में वर्तमान में चार होमस्टे संचालित हैं। सीडीओ ने कहा कि पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए ट्रेक मार्ग और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
ग्रामीणों के साथ आयोजित बैठक में लोगों ने सड़क संपर्क बेहतर करने, मोबाइल नेटवर्क मजबूत करने, स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने, पिनाथ ट्रेक के विकास कार्यों में तेजी लाने तथा जल संस्थान की पेयजल पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी सुझावों और समस्याओं का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और पर्यटन को भी नई दिशा मिल सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।