अल्मोड़ा। भू-वैज्ञानिक दृष्टि से संवेदनशील क्वारब बाईपास मार्ग पर भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को मार्ग का औचक निरीक्षण किया और पुलिस व परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ संयुक्त सघन अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि मार्ग पर संयुक्त टीम तैनात कर भारी एवं ओवरलोड वाहनों की लगातार जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए।
निरीक्षण में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में एक विद्युत पोल भी अत्यंत जोखिमपूर्ण स्थिति में मिला। इस पर डीएम ने यूपीसीएल को तत्काल तकनीकी जांच कर पोल को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोल के क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ जन-धन की हानि और राहत-बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
इस दौरान उप जिलाधिकारी संजय कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।