अल्मोड़ा। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सिकुड़ा बैंड के पास चेकिंग के दौरान स्विफ्ट कार UK-04D-1566 को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक गौरव सिंह बिष्ट निवासी ग्राम खेरदा, बजवाड़ (अल्मोड़ा) के कब्जे से 24 बोतल रम, 84 बोतल व्हिस्की और 144 क्वार्टर व्हिस्की समेत कुल 252 बोतल/क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक आनन्द बल्लभ कश्मीरा, कांस्टेबल राकेश खेतवाल और राकेश भट्ट शामिल रहे।