चौखुटिया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, शौचालय और उपचार कक्षों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर दवाइयों की उपलब्धता, उपचार और साफ-सफाई को लेकर फीडबैक लिया। मरीजों की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अस्पताल भवन की स्थिति पर चिंता जताते हुए डीएम ने आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्यों के लिए शीघ्र आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश कुमार पंत, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।