अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची में नाम संबंधी त्रुटियों, स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और अन्य विसंगतियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे 13 अगस्त से पहले ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से दावा-आपत्ति प्रपत्र जमा कर दें। सुनवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की भी अपील की गई।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने दावा-आपत्ति की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से बीएलए और बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।