चौखुटिया। विकासखंड चौखुटिया के राजकीय इंटर कॉलेज तड़ागताल में बुधवार को आयोजित सेवा पखवाड़ा शिविर में 954 लोगों ने प्रतिभाग किया। “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम के तहत आयोजित शिविर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 191 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 182 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 33 आधार कार्डों का संशोधन एवं अपडेट भी किया गया। पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया तथा दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी शिविर स्थल पर ही बनाए गए।
इस अवसर पर विधायक मदन बिष्ट, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) महेश्वर सिंह मेहरा, ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, राज्य पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल शाही सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।