‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार; लग्जरी कार भी सीज
अल्मोड़ा। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देघाट थाना पुलिस ने लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से तस्करी कर ले जाए जा रहे करीब 54 किलो से अधिक अवैध गांजे की खेप बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13.61 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देघाट थाना क्षेत्र में रविवार को थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केदार उदयपुर रोड स्थित ग्राम उदयपुर के डोभरी गधेरे के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध फॉर्च्यूनर कार संख्या CH 01-AR-9289 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी में रखे तीन कट्टों से क्रमशः 20.100 किलो, 16.150 किलो और 18.200 किलो गांजा बरामद हुआ। कुल बरामद गांजे का वजन 54.450 किलो निकला।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों की पहचान हिम्मत सिंह बोरा निवासी दुर्गापुरी, रामनगर और भरत रावत निवासी नई बस्ती पुछड़ी, रामनगर, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देघाट में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी फॉर्च्यूनर कार को भी सीज कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उनकी एक नहीं चलने दी।
एसएसपी ने पुलिस टीम को किया सम्मानित
बड़ी मात्रा में गांजा बरामद करने वाली टीम की सराहना करते हुए एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस टीम को 1000 रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उप निरीक्षक गंगा प्रसाद, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा, कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह और नीरज बिष्ट शामिल रहे।
