अल्मोड़ा। पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन ने शिक्षकों और कार्मिकों से जुड़े लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को लेकर प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। संगठन की ओर से एक सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए सत्रांत लाभ, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान, सेवानिवृत्त प्रकरणों तथा पेंशनरों के देयकों का जल्द समाधान करने की मांग उठाई गई।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि लंबित मामलों के निस्तारण के लिए समय सीमा तय की जानी चाहिए और आपत्तियां एक ही बार में लगाए जाने की व्यवस्था लागू होनी चाहिए, ताकि कर्मचारियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। साथ ही शिक्षा विभाग के कार्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग भी उठाई गई। उनका कहना था कि इससे कार्यों का समयबद्ध निस्तारण संभव होगा और संबद्धीकरण की व्यवस्था समाप्त हो सकेगी।
बैठक में कार्मिकों, प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों की समस्याओं के समाधान के लिए निकट भविष्य में कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने इस पर सहमति जताते हुए कहा कि ट्रेजरी और विभागीय विशेषज्ञों की मौजूदगी में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें अशासकीय प्रधानाचार्य, प्रबंधक, कार्मिक और संबंधित पटल सहायकों को शामिल कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार जोशी और सचिव धीरेन्द्र कुमार पाठक ने प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों, शिक्षकों और कार्मिकों से अपनी समस्याओं और सुझावों को संगठन तक पहुंचाने की अपील की, ताकि उन्हें कार्यशाला में विशेषज्ञों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
