
अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम के अल्मोड़ा डिपो में चालकों की लगातार बनी कमी अब यात्रियों पर भारी पड़ने लगी है। बृहस्पतिवार को चालक उपलब्ध न होने के कारण रोडवेज की टनकपुर और हरिद्वार बस सेवाएं स्थगित रहीं। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और उन्हें घंटों तक बस स्टेशन के चक्कर लगाने पड़े।
अल्मोड़ा डिपो से चंडीगढ़, गुरुग्राम, दिल्ली और देहरादून समेत कई महत्वपूर्ण रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है, लेकिन लंबे समय से चालकों की कमी के कारण सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। सबसे अधिक परेशानी टनकपुर रूट के यात्रियों को उठानी पड़ी, क्योंकि इस मार्ग पर रोडवेज की केवल एक बस संचालित होती है। साथ ही केमू की भी कोई सेवा उपलब्ध नहीं है।
बस सेवा बंद रहने से यात्रियों को पहले अन्य वाहनों से हल्द्वानी पहुंचना पड़ा, फिर वहां से दूसरी बस पकड़नी पड़ी। इससे यात्रियों का समय और किराया दोनों बढ़ गया। यात्रियों ने निगम प्रशासन से बस सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी गीता पांडे ने बताया कि चालकों की कमी के बावजूद बसों के संचालन के प्रयास किए जा रहे हैं।