बागेश्वर। जिले के इंटर कॉलेज गागरीगोल की 12वीं की छात्रा ललिता पांडे ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है। गुरुवार को राजभवन की एआई रूम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल Gurmit Singh ने उन्हें ‘ऑपरेशन काल्की अभियान’ के तहत सर्वश्रेष्ठ एआई प्रोजेक्ट आइडिया के लिए पहला सम्मान प्रदान किया।
कार्यक्रम में तकनीकी विशेषज्ञ सिद्धार्थ माधव ने बताया कि इस अभिनव पहल के अंतर्गत प्रदेशभर से प्राप्त हजारों नवाचारी विचारों में से 108 श्रेष्ठ एआई आधारित आइडिया का चयन कर उनके अनुप्रयोग विकसित किए गए हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चयनित विद्यार्थियों को राजभवन में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जहां विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में उन्हें एप निर्माण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने एआई की उपयोगिता और भविष्य में इसकी बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आने वाला समय तकनीक का है और वही आगे बढ़ेगा, जो नई तकनीकों को सीखने और अपनाने का साहस करेगा।
इस कार्यक्रम में राज्य के 13 जिलों के सुदूर एवं दुर्गम सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया। ललिता पांडे के उत्कृष्ट प्रदर्शन और सम्मान मिलने से पूरे बागेश्वर जिले में खुशी की लहर है।
ललिता की इस उपलब्धि पर दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता, विद्यालय प्रबंधक दीपक पाठक, प्रधानाचार्य पंकज साह, पूर्व प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पंत तथा नंदन अलमिया सहित अनेक लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
