अल्मोड़ा। नगर के धारानौला क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपने परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार दुगालखोला निवासी बृजेश सिंह बिष्ट पुत्र कल्याण सिंह बिष्ट ने आपातकालीन सेवा डायल 112 पर फोन कर सनसनीखेज दावा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक थी। व्यक्ति ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से फर्जी सूचना दी थी। इस हरकत से पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई और आपातकालीन सेवा का अनावश्यक दुरुपयोग हुआ।
पुलिस ने आरोपी को कड़ी फटकार लगाते हुए उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की और 10 हजार रुपये का कोर्ट चालान काटा। साथ ही भविष्य में ऐसी झूठी और भ्रामक सूचना न देने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, क्योंकि ऐसी हरकतों से वास्तविक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने में बाधा उत्पन्न होती है।