IPL सट्टेबाजी का बड़ा भंडाफोड़: 3.5 करोड़ का खेल, दो सगे भाइयों समेत तीन गिरफ्तार

                                                       

हल्द्वानी में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और मुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने IPL मैचों में चल रहे बड़े सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों समेत तीन सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों पर अब तक करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा खिलवाने और रोजाना 7 से 8 लाख रुपये का अवैध कारोबार करने का आरोप है।

पुलिस ने मुखानी क्षेत्र के एस मोड़ स्थित मधुबन कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में छापा मारकर कार्रवाई की। मौके से छह महंगे मोबाइल फोन, 51,100 रुपये नकद, सट्टे का हिसाब-किताब रखने वाला रजिस्टर और एक हुंडई क्रेटा कार बरामद की गई। पुलिस ने कार को भी सीज कर दिया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  • रवि गुप्ता उर्फ झबरा: पुत्र स्वर्गीय धर्मपाल गुप्ता, निवासी- दुर्गा कॉलोनी, थाना बनभूलपुरा, उम्र 35 वर्ष।
  • रोहित गुप्ता: पुत्र धर्मपाल गुप्ता, निवासी- दुर्गा कॉलोनी, थाना बनभूलपुरा, उम्र 22 वर्ष।
  • मोहित प्रसाद: पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी- नारायण नगर विक्टोरिया नंबर-1, मुखानी, उम्र 30 वर्ष।

मुख्य आरोपी रवि गुप्ता का पुराना आपराधिक इतिहास

पकड़े गए आरोपियों में से रवि गुप्ता उर्फ झबरा एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही कोतवाली बनभूलपुरा में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास निम्नलिखित है:

  • धारा-270 भारतीय दंड संहिता व 60/72 आबकारी अधिनियम, कोतवाली बनभूलपुरा।
  • धारा-188/269/270 भारतीय दंड संहिता व 13 जी एक्ट, कोतवाली बनभूलपुरा।
  • धारा-8/20 स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), कोतवाली बनभूलपुरा।

यह कार्रवाई नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई। पुलिस टीम की इस बड़ी सफलता पर एसएसपी ने टीम को 2000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!