तीन साल से पुलिस को दे रहा था चकमा, अमीर कारोबारियों को बनाता था निशाना
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बहुचर्चित सेक्सटॉर्शन रैकेट के फरार सरगना को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान खान निवासी माजरा, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है। एसटीएफ ने उसे 23 मई 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया और बाद में गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरोपी गोवा के मापुसा थाना में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मुकदमे में वांछित था।
जांच में खुलासा हुआ कि सलमान खान एक संगठित सेक्सटॉर्शन गैंग का मुख्य सरगना था। यह गैंग अमीर कारोबारियों को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की उगाही करता था। गैंग में शामिल महिलाएं पहले कारोबारियों से दोस्ती कर उन्हें निजी मुलाकात के लिए बुलाती थीं। इसके बाद आरोपी खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर पीड़ितों को डराते-धमकाते थे।
पुलिस के अनुसार, गैंग ने गोवा के मापुसा क्षेत्र में एक विला किराये पर लिया था, जहां गुप्त कैमरे लगाए गए थे। योजना के तहत मुंबई के एक कारोबारी को वहां बुलाकर उसके अश्लील वीडियो बनाए गए और बाद में बदनामी की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया। विरोध करने पर कारोबारी के साथ मारपीट भी की गई और उससे मोटी रकम वसूली गई।
इस मामले में पहले ही गैंग के कई सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें दिल्ली निवासी एक महिला और हरिद्वार का एक आरोपी शामिल है। हालांकि मुख्य सरगना सलमान खान घटना के बाद से फरार चल रहा था।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड को अपराधियों की सुरक्षित पनाहगाह नहीं बनने दिया जाएगा। फिलहाल आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में फैले उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है।
