
उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम में रविवार को भारी भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सुबह से ही बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे क्षेत्र को भीषण ट्रैफिक जाम की चपेट में ले लिया। हालात इतने खराब हो गए कि करीब तीन से चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन घंटों सड़क पर रेंगते रहे।
यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल सड़क पर तैनात रहा, लेकिन वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या के आगे सभी इंतजाम नाकाफी साबित हुए। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों की अव्यवस्थित पार्किंग ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण पैदल चलने वालों तक को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम में फंसे यात्रियों का गुस्सा प्रशासन पर फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल दावे करता है, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं पूरी तरह फेल साबित हो रही हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि आए दिन लगने वाले इस जाम से दर्शन के लिए आने वाले लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है।
इस अव्यवस्था का असर स्थानीय व्यापारियों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों का कहना है कि लंबे जाम के कारण यात्री रुकने के बजाय जल्द से जल्द क्षेत्र छोड़ना चाहते हैं, जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।