पद्म भूषण से सम्मानित हुए भगत सिंह कोश्यारी, अल्मोड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

                                     

अल्मोड़ा। वरिष्ठ भाजपा नेता, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किए जाने पर मंगलवार को अल्मोड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार खुशी जताई। चौघानपाटा में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और नारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा, संगठन और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनका पद्म भूषण से सम्मानित होना पूरे उत्तराखंड, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि भगत दा ने अपने लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में सादगी एवं जनसेवा की मिसाल कायम की है। उनका सम्मान पूरे पर्वतीय क्षेत्र का सम्मान है।

दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल ने कहा कि कोश्यारी ने हमेशा उत्तराखंड की संस्कृति, युवाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। यह सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा।

पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला ने भगत सिंह कोश्यारी के व्यक्तित्व को प्रेरणादायक बताया, वहीं नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि इस सम्मान से अल्मोड़ा सहित पूरे प्रदेश का मान बढ़ा है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह कोश्यारी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान मेयर अजय वर्मा, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश खोलिया, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष किरण पंत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!