
ऋषिकेश। पशुलोक बैराज में टेंडर की पेमेंट कराने के नाम पर रिश्वत मांगना एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को भारी पड़ गया। विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जेई को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभाग में टेंडर का कार्य करता है और उसने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में टेंडर डाला था। आरोप है कि कार्य की पेमेंट जारी करने के बदले जेई फैसल खान लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैप टीम का गठन किया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी जेई फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
विजिलेंस की कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले के सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।