अल्मोड़ा। जागेश्वर वन क्षेत्र के अंतर्गत वन पंचायत चगेठी में अवैध रूप से लीसा निकासी का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए मौके से 27 टिन अवैध लीसा जब्त कर लिया। साथ ही दोषी ठेकेदार का एच-2 तत्काल निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।
वन विभाग को 24 जून को मिली गोपनीय शिकायत के बाद 25 जून को वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर जांच की। जांच में पाया गया कि ठेकेदार ने नियमों की अनदेखी कर चीड़ के पेड़ों पर दो से तीन गहरे घाव किए और पतले पेड़ों पर भी अवैध तरीके से लीसा निकाला, जिससे वनों को भारी नुकसान पहुंचा।
जब्त लीसे को धौलादेवी मोटर रोड डिपो में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ विभागीय कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में वन संपदा के अवैध दोहन पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है।