असंग्रहित मतदाताओं पर प्रशासन सख्त: दोबारा होगा सत्यापन, कोई भी पात्र वोटर सूची से नहीं कटेगा

अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत प्रशासन ने असंग्रहित (अनकलेक्टेबल) श्रेणी में शामिल मतदाताओं के पुनः सत्यापन के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने या कटने नहीं पाए।

शुक्रवार को आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) शामिल हुए। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी चरणों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि अल्मोड़ा जनपद में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र किसी कारणवश बीएलओ तक नहीं पहुंच सके, उन्हें फिलहाल असंग्रहित (अनकलेक्टेबल) श्रेणी में रखा गया है।

प्रशासन ने ऐसे मतदाताओं को राहत देते हुए कहा कि उनके पास अभी भी अपना गणना प्रपत्र जमा करने का अवसर है। वे वर्ष 2003 की मतदाता सूची में उपलब्ध अपने विवरण के आधार पर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं या संबंधित बीएलओ को प्रपत्र जमा कर सकते हैं।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बीएलओ स्तर पर सभी असंग्रहित प्रकरणों की दोबारा जांच कराई जाए और प्रत्येक मतदाता का पुनः सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने जोर देकर कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

इसके अलावा, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के आगामी चरणों की सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य समय पर संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!